12 जून से लेकर 16 जून तक….बीते चार दिनों में देश में एक के बाद एक कई ऐसी खबरें आईं, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। 12 जून को अहमदाबाद में पहला हादसा हुआ। इस हादसे से अभी लोग उबरे भी नहीं थे, रविवार को तीन बड़े हादसे हुए। 15 जून को केदारनाथ के करीब एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। पुणे में एक पुल ढह जाने के पांच लोगों की मौच हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। वहीं मथुरा में एक साथ चार मकान ढह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में करीब 280 लोगों की जान जा चुकी है।
पुणे में ढहा पुल
पुणे के कुंडमाला में रविवार को इंद्रायणी नदी पर बने एक पुल के ढहने से एक भीषण हादसा हो गया। लगभग 25 से 30 पर्यटक इस घटना में फंस गए, जिनमें से 5 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 32 लोग घायल भी हुए हैं। यह घटना पुणे ग्रामीण इलाके के कुंदमाला में स्थित मावल तालुका की है। कुंदमाला तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। इंद्रायणी नदी पर बना पुल काफी पुराना बताया जा रहा है। रविवार होने के कारण, जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान पुल पर कई पर्यटक मौजूद थे।
इंद्रायनी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया।
पुणे में हुए हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की। उन्हें प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, ‘पुणे जिले के तलेगांव के पास इंदौरी में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढह जाने से हुई त्रासदी की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। इस घटना के संबंध में मैं संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित तहसीलदार के लगातार संपर्क में हूं। चूंकि कुछ लोग बह गए हैं, इसलिए युद्ध स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एनडीआरएफ को तैनात किया गया है।’
मथुरा में बड़ा हादसा
रविवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी बड़ा हादसा हुआ। मथुरा के गोविंद नगर इलाके में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक साथ 4 मकान अचानक से भरभराकर गिर गए। अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। जानकारी के मुताबिक मलबे में अभी कई लोगों के दबे होने की भी आशंका है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मृतकों की पहचान तोताराम (38), दो सगी बहनें यशोदा (6) और काव्या (3) के तौर पर हुई है। सभी मकान जो ढहे हैं, वो मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। लोगों ने बताया कि यहां बाड़े (खुली भूमि) में JCB से खुदाई चल रही थी। तभी अचानक मिट्टी धसकी और एक के बाद एक सभी मकान मलबे में तब्दील हो गए। जब ये हादसा हुआ तो लोगों को लगा कि कोई भूंकप आया है। हादसा इतना भयंकर था कि लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला।
ये सभी मकान एक ऊंचे मिट्टी के टीले पर बने हुए थे।
केदारनाथ के पास क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर
रविवार के सुबह ही केदारनाथ से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई। केदारनाथ के पास गौरीकुंड में रविवार सुबह करीब 5 बजे हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें पायलट समेत सभी 7 यात्रियों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ मंदिर से गौरीकुंड के लिए उड़ा था। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि घाटी में बादल थे और विजिबिलिटी ठीक नहीं थी, फिर भी हेलीकॉप्टर उड़ाया गया। बता दें कि बीचे चार दिनों में देश में ये दूसरा विमान हादसा है। केदारनाथ धाम के पास हुए हादसे में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के जैसवाल परिवार के तीन लोग भी शामिल हैं। वें आज सुबह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। यवतमाल के वणी निवासी राजकुमार जायसवाल, उनकी पत्नी श्रद्धा जायसवाल और दो वर्षीया बेटी काशी सहित कुल सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश में सात लोगों की गई जान।
एक पल में सबकुछ तबाह
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को चार दिन बीत चुका है पर अभी तक इस दिल दहला देने वाली घटना लोगों के मन मे ताजा है। अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए इस हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई। हादसे के 96 घंटे बाद भी क्रैश साइट पर धीरे-धीरे मलबे के हटाने का काम चल रहा है। अहमदाबाद में गुरुवार एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने के चंद सेंकेंड बाद ही जहाज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जान गंवाने वालों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं।
हादसे के 96 घंटे बाद भी क्रैश साइट पर धीरे-धीरे मलबे के हटाने का काम चल रहा है।
बता दें कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भर रही थी, टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में सवार 242 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा। इस हादसे ने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है।